आशिषा सिंह राजपूत, नई दिल्ली
लालू प्रसाद यादव एक लंबे अरसे से जेल में बंद है। चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू की जेल में बिगड़ती उनकी तबीयत को देखते हुए, सोशल मीडिया पर तेजी से उनकी रिहाई के लिए अभियान शुरू हो गया है। जानिए क्या है पूरा मामला-
लालू की जेल में बिगड़ी तबीयत
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की जेल में बीते शनिवार तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। बता दें कि शनिवार शाम को निमोनिया से पीड़ित होने और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद लालू यादव को राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, रांची से एम्स-दिल्ली भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है। तमाम टेस्ट और जांच के बाद यह बात सामने आई है कि लालू यादव को पहले से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं रही हैं। चिंता की बात यह है कि उनकी किडनी 25 से 30 प्रतिशत ही काम कर रही है।
#Release_Lalu_Yadav अभियान
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की जेल में तबीयत खराब होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर तेजी से एक अभियान शुरू हो गया है। बता दें कि शनिवार को जेल से गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने के बाद पुत्र तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक मुहिम चलाते हुए लालू प्रसाद यादव की रिहाई को लेकर एक अभियान शुरू कर दिया है। और यह मुहिम #Release_Lalu_Yadav तेजी से सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है।
तेज प्रताप ने ट्विटर पर पिता की तस्वीर को साझा करते हुए लिखा कि “जब इंसान ही नहीं बचेगा तो मंदिरों में घंटी कौन बचाएगा, जब इंसानियत ही नहीं बचेगी तो मस्जिद में इबादत कौन करेगा?” इसके बाद मानो सोशल मीडिया पर #Release_Lalu_Yadav मुहिम की बाढ़ सी आ गई। तेजी से लोगों ने इस अभियान को चलाना शुरू कर दिया।